
आखिर सुलझ गया सीमेंट फेक्ट्री विवाद,68 दिनों के बाद खुलेंगे दोनों प्लांट
न्यूज़ लाइव7 ब्यूरो शिमला, 21 फरवरी : करीब दो महीनों के गतिरोध के बाद हिमाचल प्रदेश में अदानी समूह व ट्रांसपोर्टरों के बीच चल रहा सीमेंट विवाद खत्म हो गया है। अडानी समूह और ट्रक ऑपरेटरों के साथ मुख्यमंत्री की बैठक के बाद विवाद सुलझ गया है। कल से दाड़लाघाट और बरमाणा दोनों सीमेंट प्लांट में काम शुरू हो जाएगा। सीमेंट विवाद सुलझने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री बनने के 5 दिन बाद ही दाडलाघाट व बरमाणा दोनों सीमेंट कंपनियां बंद कर दी गई थी। सरकार ने दोनों पक्षों को सुना, क्योंकि यह हिमाचल प्रदेश के ट्रांसपोर्टरों सहित कई लोगों का रोजी रोटी का सवाल था। इन सभी चीजों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अडानी समूह और ट्रांसपोर्टरों के बीच के मसले को सुलझा लिया है। कल से अब यह प्लांट शुरू हो जाएंगे।उन्होंने बताया कि 6 टायर वाले ट्रक का रेट 10 रुपये 30 पैसे प्रति किलोमीटर,प्रति क्विंटल, जबकि 12 टायर वाले ट्रक के लिए 9 रुपये 30 पैसे प्रति किलोमीटर, प्रति क्विंटल किराया तय किया गया हैं। अन्य जो भी मसले हैं वह संबंधित डीसी सुलझाएंगे।